• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

आईजीयू में पहली बार शुरू होगा “बैचलर ऑफ फिजिकल साइंसेज” कार्यक्रम

Published on: 28 May 2026

आईजीयू में पहली बार शुरू होगा “बैचलर ऑफ फिजिकल साइंसेज” कार्यक्रम।*


इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से फैकल्टी ऑफ फिजिकल साइंसेज के अंतर्गत “बैचलर ऑफ फिजिकल साइंसेज” कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। विश्वविद्यालय में पहली बार फिजिकल साइंसेज विषय में तीन वर्षीय स्नातक डिग्री कार्यक्रम आरंभ किया जा रहा है, जो विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में नई संभावनाएं प्रदान करेगा। इस बहुविषयक पाठ्यक्रम में प्रारंभिक रूप से 60 सीटें निर्धारित की गई हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10+2 अथवा समकक्ष परीक्षा भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं गणित विषयों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक तथा हरियाणा के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दृष्टिबाधित एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 47.5 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। प्रवेश प्रक्रिया 10+2 की मेरिट के आधार पर संपन्न होगी।

यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित जैसे मूलभूत विज्ञान विषयों में मजबूत आधार प्रदान करने के साथ-साथ विश्लेषणात्मक क्षमता, समस्या समाधान कौशल तथा अनुसंधान उन्मुख दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होगा। पाठ्यक्रम पूर्ण करने के बाद विद्यार्थी एम.एससी., इंटीग्रेटेड पीएच.डी. तथा शुद्ध एवं अनुप्रयुक्त विज्ञान के उन्नत शोध कार्यक्रमों में प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशालाओं, इसरो (ISRO), डीआरडीओ (DRDO), भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC), ओएनजीसी (ONGC), शिक्षण, डेटा विश्लेषण, तकनीकी लेखन तथा वैज्ञानिक अधिकारी जैसे विभिन्न सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही यह पाठ्यक्रम IIT-JAM, CUET-PG, GATE, UPSC, SSC Scientific Assistant तथा राज्य स्तरीय PCS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायक सिद्ध होगा।

विश्वविद्यालय की डीन फैकल्टी ऑफ़ फिजिकल साइंसेज प्रोफेसर रश्मि पुंडीर ने बताया कि कार्यक्रम का पाठ्यक्रम सिद्धांत, प्रयोगात्मक प्रशिक्षण तथा कम्प्यूटेशनल टूल्स के संतुलित समावेश के साथ तैयार किया गया है, जिससे विद्यार्थी मटेरियल साइंस, नैनो टेक्नोलॉजी, पर्यावरण विज्ञान तथा एआई आधारित वैज्ञानिक मॉडलिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में भी अपनी विशेषज्ञता विकसित कर सकेंगे। प्रयोगशाला तकनीकों, गणितीय मॉडलिंग तथा आलोचनात्मक चिंतन पर विशेष बल दिया जाएगा ताकि विद्यार्थी उद्योगोन्मुख एवं नवाचार आधारित कौशल प्राप्त कर सकें।

विश्वविद्यालय द्वारा ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया 26 मई 2026 से प्रारंभ की जा चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.igu.ac.in पर जाकर 10 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं और प्रॉस्पेक्टस एवं अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।